अस्कोट (पिथौरागढ़)। जौलजीबी-टनकपुर मोटर मार्ग पर गड्ढों से वाहनों की आवाजाही में काफी दिक्कत हो रही है। गड्ढों के चलते कई वाहन रपट चुके हैं। इससे यात्रा में भी विलंब हो रहा है। एक घंटे के सफर में दो घंटे लग रहे हैं। पैदल यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीण एकता मंच के तरुण पाल के नेतृत्व में तल्ला बगड़ के लोगों और वाहन चालकों ने लोनिवि के अधिशासी अभियंता से शीघ्र सड़क को ठीक कराने की मांग की। कहा कि तल्ला बगड़ की लाइफ लाइन बदहाल है। कहा कि अब जौलजीबी मेला नजदीक हैं।
मेले में झूलाघाट, रणवा, तालेश्वर, द्वालीसेरा, पीपली, घींघरानी, ओड़ी गांव, चमतोली, बगड़ीहाट, सांवली सेरा समेत कई गांवों के लोग पहुंचते हैं। उन्होंने शीघ्र मार्ग ठीक नहीं करने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
अधिशासी अभियंता संजय चौहान ने सहायक अभियंता जगत सिंह बोरा को शीघ्र जेसीबी भेज कर सड़क को ठीक करने के निर्देश दिए हैं।