पिथौरागढ़-धारचूला हाईवे पर ग्रिफ कैंप के पास बने गड्ढे। संवाद
पिथौरागढ़। नगर की सड़कों को गड्ढा मुक्त बनाने के दावे हवाई साबित हो रहे हैं। गड्ढों को भरने में खानापूरी किए जाने से सड़कें फिर बदहाल हो गई हैं खासकर नगर से गुजरने वाले हाईवे की हालत ज्यादा खराब है। हैरानी है कि हर रोज इस हाईवे पर गुजरने वाले अधिकारियों की नजर गड्ढों पर नहीं पड़ रही है।
बीते दो महीने पहले नगर की आंतरिक सड़कों पर पैच वर्क किया गया था लेकिन इसकी गुणवत्ता निम्न स्तर की थी जिस कारण सड़कें फिर गड्ढों में तब्दील हो गई हैं। संवाद न्यूज एजेंसी की टीम ने नगर की आंतरिक सड़कों की हालत की पड़ताल की। चीन सीमा को जोड़ने वाला नगर के मुख्य तिराहे सिल्थाम से होकर गुजरने वाले हाईवे गड्ढों में तब्दील हो गया है।
चंद्रभागा से ऐंचोली तक और सिल्थाम से रई बैंड तक हाईवे पर बने गड्ढे यात्रियों और पर्यटकों का स्वागत कर रहे हैं। सिल्थाम से आगे गंगा निवास, बीआरओ कैंप के पास बने गड्ढों से डामर उखड़ने से हाईवे पर फैली रोड़ी कभी भी दुर्घटना का कारण बन सकती है। बहुमंजिला पार्किंग के पास हाईवे पर बने गड्ढे भी यात्रियों और वाहन चालकों के लिए मुसीबत बने हुए हैं।
नालियां भी चोक, सड़कों पर बह रहा पानी
ऐंचोली से लेकर पंडा तक नाली चोक होने से धारचूला हाईवे पर दूषित पानी बह रहा है। गंगा निवास और बीआरओ कैंप के पास स्थिति अधिक खराब है। नाली चोक होने से घरों से निकलने वाला दूषित पानी सड़क पर बने गड्ढों में भरा है। वहीं स्थानीय लोगों के सड़क किनारे पार्क अपने वाहनों की धुलाई से गड्ढों में भरने वाला पानी राहगीरों की दिक्कत बढ़ा रहा है।
कोट
एनएच पर बने गड्ढों में पैच वर्क किया गया था। लोग सड़कों पर वाहनों की धुलाई कर रहे हैं। वहीं घरों का पानी भी सड़क पर डाल रहे हैं। ऐसे में लगातार पानी बहने से डामर उखड़ रहा है। जल्द ही फिर से पैच वर्क कराया जाएगा। - यशपाल आर्या, एई, एनएच, पिथौरागढ़