चंपावत। नगर से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग सहित अन्य कई प्रमुख सड़कें बदहाल हैं। जगह-जगह बने गड्ढे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गए हैं।
शनिवार को संवाद न्यूज एजेंसी की टीम ने इन सड़कों की पड़ताल की। मुख्य बाजार से जिला अस्पताल तक लगभग एक किलोमीटर के दायरे में 80 से अधिक गड्ढे पाए गए। यह स्थिति दोपहिया वाहन चालकों के लिए दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ा रही है। मुख्य बाजार को तहसील से जोड़ने वाली सड़क भी खराब है जिससे धूल उड़ती रहती है। नगरवासियों ने सड़कों की इस बदहाली पर चिंता जताई है। उन्होंने एनएच से जल्द से जल्द गड्ढे भरने और मरम्मत कार्य कराने की मांग की है। अधिकारियों की अनदेखी से भी लोगों में रोष है।
जीआईसी चौक, टीआरसी, खटकना पुल, गैस गोदाम, तल्ली मादली, मल्ली मादली और छतार में सड़क पर बने गड्ढों से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वाहनों की आवाजाही के बीच कई स्थानों पर गड्ढों से बचने के लिए राहगीर बचते-बचाते किनारे-किनारे चलते नजर आए।
नगर निवासी सुधीर चंद्र शाह ने बताया कि टीआरसी के पास करीब एक साल से सड़क पर बड़े गड्ढे बने हुए हैं। विभाग की ओर से इन गड्ढों की कई बार मरम्मत कराई गई लेकिन जल संस्थान की पाइपलाइन से लगातार हो रहे लीकेज के कारण सड़क दोबारा उखड़ जाती है।
नालियां भी चोक, सड़कों पर बहता है गंदा पानी
नगर में एक ओर सड़कें गड्ढों से पटी हैं। दूसरी ओर चोक नालियां भी लोगों की परेशानी बढ़ा रही हैं। लोगों के मुताबिक, नगर के कई हिस्सों में नालियों की नियमित सफाई नहीं होने से गंदा पानी सड़कों पर बहता है। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने संबंधित विभाग से बरसात से पहले नालियों की सफाई और जल निकासी को दुरुस्त कराने की मांग की है।
..........
नगर में कई स्थानों पर पार्किंग समेत अन्य निर्माण कार्य चल रहे हैं। इन स्थानों पर निर्माण सामग्री सड़क और नालियों के किनारे डालने से नालियों को नुकसान पहुंचने के साथ ही सड़कों को भी क्षति हो रही है। राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने गड्ढों में पैचवर्क कराया गया है। कई स्थानों पर लगातार पानी बहने के कारण डामर उखड़ रहा है। जल्द ही दोबारा पैचवर्क कराया जाएगा। - एनसी टम्टा, सहायक अभियंता, राष्ट्रीय राजमार्ग, लोहाघाट