पिथौरागढ़। डीडीहाट विकासखंड के ग्राम पंचायत दौली कौली निवासी कमला देवी ने स्वयं का ब्यूटी पार्लर व्यवसाय स्थापित कर स्वरोजगार की ओर कदम बढ़ाया है। कमला अपनी आर्थिकी को मजबूत कर सालाना 1.20 लाख रुपये की आमदनी कर रही हैं।
उन्होंने भारतीय स्टेट बैंक से 50 हजार रुपये, ग्रामोत्थान से 30 हजार रुपये ऋण और 20 हजार रुपये स्वयं वहन कर अपना लघु उद्योग स्थापित किया। कमला ने अपनी शादी से पहले ब्यूटी पार्लर का काम सीखा था। आर्थिक तंगी से परेशान होकर कमला ने अपने शौक को अपने लघु उद्योग में स्थापित करने की सोची। शुरूआत में ब्यूटी पार्लर के व्यवसाय को करने में काफी दिक्कतें हुई। उन्होंने धीरे-धीरे ग्रामीण महिलाओं के विश्वास को जीता। इससे उनके व्यवसाय में काफी बढ़ोतरी हुई। मसाज, थ्रेडिंग, फेशियल, हेयर कटिंग और शादी के सीजन में दुल्हनों को तैयार करने की बुकिंग के काम मिलने लगे। अब अपने क्षेत्र में विवाह, त्योहारों, विशेष आयोजनों में कमला के काम की मांग बढ़ने लगी। कमला इस व्यवसाय से प्रतिमाह 10 हजार रुपये की आय अर्जित कर रही हैं। शादी के सीजन में उनकी आय में बढ़ोतरी होती है। कमला ने बताया कि वह अपने पार्लर के व्यवसाय को और अधिक बढ़ाना चाहती हैं। इसके लिए वह आधुनिक ब्यूटी ट्रीटमेंट्स की ट्रेनिंग लेना चाहती हैं। वह गांव की अन्य महिलाओं को भी ब्यूटी पार्लर के कार्य के लिए प्रशिक्षित करना चाहती हैं।