पिथौरागढ़। बिण ब्लॉक के दिगतोली गांव निवासी बबीता लोहिया पशुपालन कर अपनी आर्थिकी को मजबूत कर रही हैं। अंबेडकर स्वयं सहायता समूह की सदस्य बबीता बकरी पालन व्यवसाय से सालाना लगभग 84 हजार रुपये की आमदनी कर रही हैं।
बबीता ने ग्रामोत्थान से 75 हजार रुपये, जिला सहकारी बैंक से 1.50 लाख रुपये का ऋण लिया। 75 हजार रुपये स्वयं वहन कर अपना लघु उद्योग प्रारंभ किया। उन्होंने 34 बकरियां खरीदकर पशुपालन व्यवसाय की शुरुआत की। उन्होंने पशुओं की देखरेख, उपचार, चारे की व्यवस्था की। वह बकरी व्यवसाय से प्रतिमाह सात हजार रुपये की आमदनी कर रही हैं। बबीता ने बताया कि वह अपने बकरी पालन के व्यवसाय में बकरी में टीकाकरण और प्रजनन की तकनीकी जानकारी लेना चाहती है।
इससे उनकी आय में और वृद्धि होगी। वह नस्ल सुधार कार्यक्रमों में प्रतिभाग कर अपने उद्यम को और सशक्त बनाना चाहती हैं। बबीता अपने आसपास के ग्रामीणों को भी प्रशिक्षण देकर एक बकरी पालन क्लस्टर खोलना चाहती हैं। इससे अपने ही क्षेत्र में रोजगार के अवसर प्राप्त हो सकें और गांव की और अन्य दूसरी महिलाओं को भी स्वरोजगार करने के लिए प्रेरणा मिलेगी।