हॉटमिक्स की घटिया गुणवत्ता पर बवाल
- फोटो : अमर उजाला
घटिया गुणवत्ता का आरोप लगाते हुए सातशिलिंग-थल मोटरमार्ग पर रिणबिछुल के पास किए जा रहे हॉटमिक्स को पंचायत प्रतिनिधियों और लोगों ने रुकवा दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि करोड़ों रुपये के इस काम को देखने के लिए कोई भी अधिकारी तैनात नहीं है। बिना कंप्रेशर मशीन के मिट्टी में हॉटमिक्स बिछाया जा रहा है, जो किसी भी समय उखड़ सकता है। इस बीच पंचायत प्रतिनिधियों और निर्माण कंपनी के कर्मचारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। सूचना पर एडीबी कंस्ट्रक्शन डिवीजन के अधीक्षण अभियंता ने इंजीनियरों की टीम और निर्माण कार्य कर रही कंपनी के अधिकारियों को तत्काल मौके पर जाने के निर्देश दिए।
विरोध-प्रदर्शन कर रहे जिला पंचायत सदस्य जगदीश कुमार ने आरोप लगाया कि कंपनी के कर्मचारियों ने उनके साथ अभद्रता की। उन्होंने कंपनी के कर्मचारियों के खिलाफ थल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने का भी फैसला लिया है। एडीबी कंस्ट्रक्शन डिवीजन के अधीक्षण अभियंता करन सिंह ने कहा कि कंपनी को नियमों और मानकों के अनुसार काम करने को कहा गया है। यदि इसमें कोई कमी रहेगी तो भुगतान रोक दिया जाएगा। इस दौरान क्षेत्र पंचायत सदस्य पूरन सिंह ज्याला, नीरज कुमार, संजय कुमार, सुरेंद्र सिंह, रवींद्र कुमार आदि थे। बता दें कि सातशिलिंग-थल मार्ग पर पिछले दो महीने से हॉटमिक्स बिछाने का काम चल रहा है। इस अवधि में गुणवत्ता को लेकर लोग पांच बार आंदोलन कर चुके हैं।
उधर, बेड़ीनाग में भी जनप्रतिनिधियों ने नगर की सड़कों पर किए जा रहे हॉटमिक्स की गुणवत्ता पर सवाल खड़े किए हैं और तत्काल इसकी जांच की मांग की है। भाजपा नेता एवं सहकारी बैंक के अध्यक्ष दलबहादुर बाफिला ने कहा कि हॉटमिक्स और डामरीकरण के समय घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है। कहीं पर भी सड़कों के किनारे नाली नहीं बनाई गई है।