चंपावत। जिले डांडा ककनई क्षेत्र में संचार सेवा बदहाल होने से लोगों के लिए अपनों से बात करना मुश्किल हो जाता है। संचार सेवा बदहाल होने के चलते लोगों के फोन कई बार खिलौने से लगते हैं। डांडा, ककनई, बुडम, कौडौती में नेटवर्क ने होने से ऑनलाइन काम भी प्रभावित होते हैं। सबसे अधिक दिक्कत छात्र-छात्राओं को अपनी अध्ययन सामग्री ऑनलाइन निकालने में आती है।
लोग रिचार्ज तो करा लेते हैं, लेकिन उसका उपयोग बिना सिग्नल के करना उनके लिए आसान नहीं होता है। क्षेत्र में बीएसएनएल के टावर तो लगाए गए हैं, लेकिन टावर होने के बाद भी सेवा काम नहीं करती है। इससे दर्जनों गांव की बड़ी आबादी को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। लोगों का कहना है कि निजी कंपनियों टावर अगर लगाए जाएं तो बेहतर सुविधा की उम्मीद है। ककनई के नारायण सिंह ने बताया कि गांव करीब ही बीएसएनएल का टावर लगा है, लेकिन नेटवर्क होने के बाद भी बात नहीं हो पाती है। घटना होने पर सूचना का आदान प्रदान नहीं हो पाता है। इधर, बीएसएनएल के जीटीओ विजय बहादुर ने बताया कि समस्या को जल्द ठीक किया जाएगा।