पुलिस लाइन में शुक्रवार को गणतंत्र दिवस परेड की ड्रेस रिहर्सल हुई। 26 जनवरी को सुबह 11 बजे से पुलिस लाइन में परेड होगी। इसमें पुलिस की चार टीमें, आईटीबीपी, एसएसबी, एनसीसी और पीआरडी की एक एक टीम शामिल होगी। गणतंत्र दिवस परेड की सलामी गंगोलीहाट के विधायक नारायणराम आर्य लेंगे।
पुलिस अधीक्षक रोशन लाल शर्मा ने बताया कि 26 जनवरी को परेड के बाद झांकी निकलेगी। उसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। सभी कार्यक्रम पुलिस लाइन में ही होंगे। गणतंत्र दिवस के कार्यक्रमों को भव्य बनाने के लिए पूरी तैयारी की गई है। उन्होंने शुक्रवार को फुल ड्रेस परेड का निरीक्षण किया और पुलिसकर्मियों की तैयारी पर संतोष जताया। कहा कि गणतंत्र दिवस पर पुलिस परेड का अपना आकर्षण होता है। इसमें किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। एसपी ने नगर और जिले की जनता से अपील की है कि गणतंत्र दिवस के इस आयोजन में भागीदारी करें और परेड तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद उठाएं। इस मौके पर पुलिस के अन्य अधिकारी मौजूद थे।