धारचूला तहसील के दूरस्थ आदर्श ग्राम जुम्मा में बुधवार को बहुउद्देशीय शिविर लगाया गया। डीएम सी.रविशंकर ने जुम्मा के नौला तोक में स्थित मंदिर परिसर में अतिक्रमण का मामला सामने आने पर राजस्व विभाग को अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। सड़क निर्माण से हुए नुकसान की भरपाई न होने पर डीएम ने पीएमजीएसवाई डिवीजन के अधिकारियों को लताड़ लगाई। साथ ही जुम्मा के लिए बन रही सड़क के काम में तेजी लाने के निर्देश दिए।
लोगों ने सड़क निर्माण से पानी की लाइन क्षतिग्रस्त होने, मलबा खेतों में पटने, भूकटाव होने का मामला शिविर में उठाया। डीएम ने कहा कि पीएमजीएसवाई डिवीजन के खिलाफ लगातार इस तरह की शिकायतें आ रही हैं। उन्होंने पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता प्रवीण कर्णवाल को सड़क निर्माण से संबंधित समस्याओं का एक महीने के भीतर समाधान करने के निर्देश दिए। भूमि मुआवजा और अन्य जो भी समस्या हो, उसके प्रस्ताव 10 दिन के भीतर प्रस्तुत करने, लोगों की मांग पर ग्राम पंचायत में औद्यानिक विकास की योजना तैयार करने के निर्देश खंड विकास अधिकारी एलडी जोशी को दिए।
लोगों ने बीपीएल सूची में अपात्रों का नाम शामिल होने का मामला उठाया। डीएम ने ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारियों को ग्राम पंचायत में खुली बैठक कर अपात्रों का नाम बीपीएल से हटाने के निर्देश दिए। शिविर में सरकारी विभागों ने स्टाल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी। कृषि और उद्यान विभाग ने ग्रामीणों को बीज, उपकरण और कीटनाशक बांटे। स्वास्थ्य विभाग ने शिविर लगाकर लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया।
विभिन्न प्रमाण पत्र मौके पर ही बनाए गए। शिविर में मुख्य विकास अधिकारी वंदना, एसडीएम राजकुमार पांडे, तहसीलदार डॉ. ललित मोहन तिवारी, जुम्मा की प्रधान राजेंद्री धामी, क्षेत्र पंचायत सदस्य विशन सिंह, धन सिंह धामी, छात्रसंघ अध्यक्ष पवन सिंह धामी, जिला नियोजन समिति के सदस्य भूपेंद्र सिंह धामी आदि मौजूद थे।
यमुना-जमुना के माता, पिता सम्मानित
शिविर में लोगों को बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान की जानकारी दी गई। बेटियों के संरक्षण के लिए लोगों को प्रेरित किया गया। जुम्मा गांव की नंदा देवी और धन सिंह धामी की दोनों संतान (जमुना और यमुना) बेटी हैं। इस दौरान जमुना और यमुना के माता-पिता को डीएम ने शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
जुम्मा पहुंचने के लिए अधिकारी चार किमी पैदल चले
जुम्मा पहुंचने के लिए डीएम के साथ ही अधिकारियों को चार किमी पैदल चलना पड़ा। डीएम के साथ ही कई अधिकारी मंगलवार को ही जुम्मा पहुंच गए थे। कई जिला स्तरीय अधिकारी, कर्मचारी बुधवार तड़के जुम्मा के लिए रवाना हुए। वह धारचूला से 13 किमी वाहन और चार किमी पैदल दूरी तय कर जुम्मा पहुंचे।