फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पिथौरागढ़ में फिल्म शूटिंग का भविष्य में मिलेगा लाभ

Thu, 14 Dec 2017 10:27 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, पिथौरागढ़
विज्ञापन
पिथौरागढ़ में पत्रकारों से बात करते फिल्म कलाकार हेमंत पांडे - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के उपाध्यक्ष एवं फिल्म कलाकार हेमंत पांडे ने कहा कि पिथौरागढ़ में ‘संदीप और पिंकी फरार’ फिल्म की शूटिंग होना बड़ी उपलब्धि है और आने वाले समय में इसका लाभ क्षेत्र के पर्यटन व्यवसाय के रूप में मिलेगा।
विज्ञापन


बृहस्पतिवार को विकास भवन में पत्रकारों से बातचीत में हेमंत पांडे ने कहा कि उत्तराखंड में कई प्राकृतिक स्थल ऐसे हैं जहां पर फिल्मों की शूटिंग की जा सकती है। फिल्म विकास परिषद इस दिशा में लगातार काम कर रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि 17 जनवरी को देहरादून में फिल्म निर्माताओं का सम्मेलन होगा। उसमें भविष्य के कई और कार्यक्रम तय किए जाएंगे। पांडे ने कहा कि उनकी परिषद शूटिंग के लिए आने वालों को सुविधा देने, ढांचागत सुविधाओं को बढ़ाने, क्षेत्रीय फिल्मों के निर्माण को प्रोत्साहित करने, फिल्मों के माध्यम से रोजगार और पर्यटन व्यवसाय को बढ़ावा देने की दिशा में काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि ‘संदीप और पिंकी फरार’ फिल्म उच्च स्तर की है। इससे पहले यहां पर गोपी भिना फिल्म की शूटिंग हो चुकी है। आने वाले समय में कई फिल्म निर्माता इस क्षेत्र का रुख करेंगे और यहां पर गतिविधियां बढ़ने लगेंगी। उन्होंने जानकारी दी कि कुमाऊं मंडल विकास निगम और गढ़वाल मंडल विकास निगम के पर्यटक आवासगृहों में फिल्म निर्माताओं को छूट में कमरे उपलब्ध कराए जा रहे हैं। हेमंत पांडे की भांग ओवर फिल्म शुक्रवार को रिलीज होगी। इसमें उन्होंने हॉस्टल वार्डन का रोल किया है। इसके अलावा वह भैयाजी सुपरहिट, राजू बजरंगी फिल्मों में भी काम कर रहे हैं।
विज्ञापन


मूल रूप से पिथौरागढ़ के पभ्या गांव निवासी हेमंत पांडे इन दिनों अपने गृह क्षेत्र के दौरे पर आए हैं। उनके साथ कलाकार राजीव पांडे, शबाब खान, जतिन पांडे भी थे। जिला सूचना अधिकारी गिरजा शंकर जोशी ने हेमंत पांडे और उनकी टीम का स्वागत किया। 

‘संदीप और पिंकी फरार’ की शूटिंग आज से
दो दिन के विश्राम के बाद ‘संदीप और पिंकी फरार’ फिल्म की शूटिंग शुक्रवार से फिर शुरू होगी। बताया गया कि फिल्म निर्माताओं ने दो दिन तक नए स्थानों पर शूटिंग की तैयारी पर चर्चा की। सूत्रों के अनुसार शुक्रवार से शूटिंग पिथौरागढ़ नगर में होगी। शूटिंग के अंतिम चरण में टीम एक बार फिर झूलाघाट जाएगी। संदीप और पिंकी के नेपाल भागने का दृश्य झूलाघाट के झूलापुल पर फिल्माया जाएगा। फिल्म में संदीप का रोल अर्जुन कपूर और पिंकी का रोल परिणीति चोपड़ा निभा रही हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें