पिथौरागढ़ के जीआईसी रोड में लगे जाम में फंसे वाहन
- फोटो : अमर उजाला
विधानसभा चुनाव संपन्न होते ही वाहनों का संचालन शुरू हो गया और स्कूल खुल गए। ग्रामीण इलाकों से वाहनों के पहुंचने के कारण नगर में बृहस्पतिवार को लगभग हर सड़क पर जाम लगा रहा। जीआईसी रोड पर तो दोपहर 12 बजे जाम के कारण वाहन एक घंटे तक फंसे रहे। बैंक रोड पर भी कई बार जाम लगा और वाहनों को निकालने में खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
बताया गया कि जिले के अधिकांश पुलिस फोर्स की ड्यूटी चुनाव में लगने के कारण ट्रैफिक व्यवस्था संभालने में दिक्कत आ रही है। मतदान के एक दिन पहले यानि कि 14 फरवरी से नगर में वाहनों की आवाजाही कम होने लगी थी। 15 फरवरी को ग्रामीण अंचलों से वाहनों का संचालन बंद रहा। बृहस्पतिवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण अंचलों से लोग जिला मुख्यालय पहुंच गए। गांवों से यात्रियों को लेकर पहुंचे वाहन, निजी वाहनों के आने से हर रूट पर जाम लगा रहा। जीआईसी रोड होते हुए कई पोलिंग पार्टियां वाहनों से डिग्री कॉलेज को गई।
इस कारण इस रोड पर वाहनों का दबाव ज्यादा रहा। बैंक रोड पर बृहस्पतिवार को कई बार जाम की नौबत आई। सिल्थाम से धारचूला रोड की तरफ भी कई बार वाहनों के चक्के थमे रहे। पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि शुक्रवार से चुनाव ड्यूटी में गए सभी पुलिसकर्मी लौट आएंगे। उसके बाद पहले की तरह हर चौराहे पर ट्रैफिक पुलिस को तैनात किया जाएगा।