पिथौरागढ़। व्यापार संघ पदाधिकारियों ने डीएम डॉ. विजय कुमार जोगदंडे से मुलाकात कर सभी दुकानें खुलवाने का अनुरोध किया। इस पर जिलाधिकारी ने सामाजिक दूरी का पालन करते हुए दुकानें खोलने के लिए रोस्टर बनाने को कहा।
व्यापार संघ अध्यक्ष शमशेर महर ने बताया कि व्यापारिक प्रतिष्ठान खोलने के लिए रोस्टर बना लिया गया है। उन्होंने कहा कि सभी व्यापारियों को लॉकडाउन के नियमों का पालन करना होगा। बाजार में अनावश्यक भीड़ न हो इसका पूरा ध्यान रखना होगा। उन्होंने बताया कि सोमवार को कास्मेटिक, गिफ्ट सेंटर, जनरल गुड्स, बर्तन, मंगलवार को ज्वैलर्स, फर्नीचर, दरी-कारपेट, हैंडलूम, बुधवार को साड़ियां, पर्दे की दुकानें खोली जाएंगी।
बृहस्पतिवार को कंप्यूटर, घड़ी सेंटर, इलेक्ट्रिक, इलेक्ट्रॉनिक, शुक्रवार को स्पोर्ट्स गुड्स, खिलौने, प्रिंटिंग और शनिवार को स्पेयर पार्ट्स, मोटर मैकेनिक, वाहन धुलाई सेंटर खुुलेंगे। आवश्यकीय सेवा की दुकानें पूर्व के दिशा-निर्देशों के अनुसार ही खुली रहेंगी। उन्होंने बताया कि यह व्यवस्था तीन मई तक के लिए लागू की गई है। नए निर्देश आने पर इसमें बदलाव किया जाएगा। उन्होंने बताया कि लॉकडाउन के निर्देशों का उल्लंघन होने पर संबंधित व्यापारी की जिम्मेदारी होगी। बैठक में व्यापार संघ जिलाध्यक्ष पवन जोशी, महामंत्री जनक जोशी, आशीष सौन, मनीष चौधरी, नमृता बोहरा, विप्लव साह मौजूद रहे।