अंतरमहाविद्यालयी बास्केटबाल में विजेता पिथौरागढ़ की टीम
- फोटो : अमर उजाला
एलएसएम राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय पिथौरागढ़ में खेली गई अंतर महाविद्यालय बॉस्केटबाल प्रतियोगिता का फाइनल मैच पिथौरागढ़ महाविद्यालय ने जीत लिया है। मुख्य अतिथि कुमाऊं विश्वविद्यालय के क्रीड़ाधिकारी डा. नागेंद्र शर्मा और पिथौरागढ़ महाविद्यालय के प्राचार्य डा. डीएस पांगती ने खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त किया।
बुधवार को पिथौरागढ़ महाविद्यालय के बॉस्केटबाल मैदान में नैनीताल और पिथौरागढ़ की टीमों के बीच फाइनल मुकाबला खेला गया। पिथौरागढ़ ने शानदार खेल दिखाते हुए नैनीताल को 38-18 अंकों के अंतर से हराकर बॉस्केटबाल चैंपियनशिप अपने नाम की। विजेता और उपविजेता टीम को शारीरिक शिक्षा विभाग के प्रवक्ता पीएस बिष्ट ने प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया। प्रतियोगिता को संपन्न कराने में अंकुश रौतेला, प्रदीप, मुकेश, सावन मेहरोत्रा, खंपा ने सहयोग किया। इस दौरान हरिदत्त कापड़ी, डा. आरसी पांडेय, डा. जेएस ज्याला, डा. आरएस रफाल, डा. जीसी पंत आदि मौजूद थे।