पिथौरागढ़/डीडीहाट। जिला मुख्यालय में साढ़े पांच घंटे तक बिजली गुल रही। जिस कारण लोगों के जरूरी काम नहीं हो पाए। लोग अपने मोबाइल फोन चार्ज नहीं कर सके। यूपीसीएल के अधिकारियों ने बताया कि पिटकुल की लाइनों के सुधारीकरण के लिए शटडाउन लिया गया था।
रविवार को नगर में सुबह 10 बजे बिजली गुल होकर करीब 3:30 बजे आई। जिसके बाद लोगों ने अपने जरूरी काम किए। डीडीहाट में सुबह 10 बजे से बिजली न होने से कई मोबाइल टावर बंद रहे।
बैकुंठ धाम स्थित बीएसएनएल का टावर लाइट न होने से बंद रहा। टावर में लगी बैट्री भी बमुश्किल से एक से दो घंटा ही चलती है। ऐसे में बिजली गुल होते ही टावर भी ठप हो जाता है। रविवार को पांच घंटे से अधिक बिजली की आपूर्ति बंद रहने से टावर बंद हो गया। टावर के बंद होने से पय्यापौड़ी, शामा, डीडीहाट सहित धारचूला और मुनस्यारी तहसील के कई गांव में बीएसएनएल के मोबाइल ने काम नहीं किया।