किमखोला के पास मलबा हटाती जेसीबी
- फोटो : अमर उजाला
जिले में शुक्रवार रात हुई मूसलाधार बारिश से एक बार फिर कई सड़कों पर यातायात बंद हो गया। पिथौरागढ़-तवाघाट एनएच पर किमखोला के पास रात 12 बजे मलबा गिरने से आवाजाही बंद हो गई। शनिवार सुबह आठ बजे मलबा हटने के बाद इस रोड पर वाहनों की आवाजाही शुरू हो पाई। सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के द्वितीय कमान अधिकारी आरबी अग्रवाल ने बताया कि मलबा हटाने का काम सुबह छह बजे से शुरू कर दिया था। उधर, कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग पर तवाघाट-मांगती रोड पर पांगला पुल में गिरा मलबा अब तक नहीं हट पाया है। पुल से इस समय सिर्फ छोटे वाहन ही जा पा रहे हैं। जौलजीबी से डौड़ा जाने वाली रोड भी बंद पड़ी है।
थल-मुनस्यारी रोड पर बनिक के पास मलबा गिरने से शनिवार सुबह छह से 12 बजे तक यातायात बंद रहा। लोनिवि ने मलबा हटाने के लिए जेसीबी लगा दी थी। मुनस्यारी से जौलजीबी जाने वाली सड़क घिंघरानी के पास शनिवार को फिर तीन घंटे बंद रही। घिंघरानी के पास पहाड़ से लगातार मलबा गिर रहा है। मुनस्यारी के लिए आवागमन में इन दिनों भारी दिक्कत हो रही है, क्योंकि सड़क किस समय बंद हो जाए, इसका अंदाजा नहीं रहता। सातशिलिंग-थल रोड पर शनिवार को वाहनों की आवाजाही जारी रही, लेकिन कम से कम चार स्थानों पर मलबा गिरने का खतरा बना है। अलबत्ता जिले का मैदानी इलाकों से संपर्क बना हुआ है।
24 घंटे में कहां कितनी बारिश
पिथौरागढ़-33.0 एमएम
गंगोलीहाट-32.0 एमएम
बेड़ीनाग-30.8 एमएम
डीडीहाट-25.8 एमएम
मुनस्यारी-24.0 एमएम
धारचूला-21.2 एमएम
भारी बारिश का अलर्ट अभी जारी
पिथौरागढ़। जिले में भारी बारिश का अलर्ट अभी जारी है। मौसम विभाग ने आठ अगस्त तक बारिश का क्रम जारी रहने का संकेत दिया है। जिलाधिकारी एचसी सेमवाल ने बताया कि मौसम की स्थिति को देखते हुए सभी संवेदनशील स्थानों पर नजर रखी जा रही है। उन्होंने लोगों से कहा कि नदियों के किनारे जाने का प्रयास न करें। सभी एसडीएम से सतर्क रहने को कहा गया है।