स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रही राज्य आमंत्रण जूनियर बालक वर्ग की फुटबॉल प्रतियोगिता में पिथौरागढ़ और कोटद्वार की टीम ने अपने अपने मैच जीतकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। पिथौरागढ़ और टिहरी के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। दोनों टीमें पहले हाफ में कोई गोल नहीं कर पाई। दूसरे हाफ में टिहरी को पैनाल्टी किक मिला था लेकिन वह उसे नहीं भुना पाई। अंकों के आधार पर पिथौरागढ़ की टीम सेमीफाइनल में पहुंच गई। कोटद्वार और पौड़ी के बीच हुए मुकाबले में कोटद्वार ने पौड़ी को 3-0 से हरा दिया। कोटद्वार की टीम भी सेमीफाइनल में स्थान बनाने में कामयाब हो गई।
सेमीफाइनल के लिए अन्य मुकाबले मंगलवार को होंगे। जिला क्रीड़ा अधिकारी विनोद सिंह वल्दिया ने बताया कि प्रतियोगिता में सभी टीमें शानदार प्रदर्शन कर रही हैं। आज के मैचों के निर्णायक भूपेंद्र चौहान, यतीश ओझा, संजय रावल, अर्जुन सिंह, चंद्र सिंह धामी, कवींद्र मेहता, तनवीर अहमद, कैलाश लस्पाल, विपिन बिष्ट थे। प्रतियोगिता संपन्न कराने में भुवन पंत, केएस महर, मनोज पुनेठा, देवेंद्र रावत, शमशेर सौन, ललित उपाध्याय, जगत सिंह महरा, अक्षय भंडारी, प्रशांत नौटियाल, कपिल मर्तोलिया, सुमित रावत, महिपाल राणा समेत कई लोग सहयोग दे रहे हैं। प्रतियोगिता नॉक आउट के आधार पर खेली जा रही है।