जिला खेल मैदान में राज्य आमंत्रण जूनियर बालक वर्ग की फुटबॉल प्रतियोगिता शुरू हो गई है। पहले दिन तीन मैच खेले गए, जिसमें बागेश्वर, पिथौरागढ़ और ऊधमसिंह नगर ने जीत हासिल की। प्रतियोगिता का फाइनल मैच 30 सितंबर को खेला जाएगा।
प्रतियोगिता का पहला मैच पौड़ी और बागेश्वर के बीच खेला गया, जिसमें प्रथम हाफ तक दोनों ही टीमें 2-2 गोल कर बराबरी पर रही। दूसरे हाफ में बागेश्वर के अमित परिहार ने एक गोल किया। मैच के अंतिम क्षण में बागेश्वर के दीपक उपाध्याय ने एक गोल कर पौड़ी की टीम को 4-2 से पराजित कर दिया। दूसरा मैच पिथौरागढ़ और हरिद्वार के बीच हुआ, जिसमें प्रथम हाफ में पिथौरागढ़ के वैभव ज्येष्ठा ने पहला गोल किया। दूसरे हाफ में भी पिथौरागढ़ की टीम के पवन थापा, नवनीत पांगती, वैभव ज्येष्ठा और मुकेश खोलिया ने एक-एक गोल कर टीम को 5-0 से विजयी कर दिया। हरिद्वार की टीम कोई गोल नहीं कर पाई।
तीसरा मुकाबला नई टिहरी और ऊधमसिंह नगर के बीच हुआ, जिसमें प्रथम हाफ तक दोनों टीमें 1-1 गोल कर बराबरी पर रही। दूसरे हाफ में ऊधमसिंह नगर के अजय सिंह और विशाल स्वर्णकार ने 1-1 गोल करते हुए टीम को 3-1 से विजयी बना दिया। मैच के निर्णायक भूपेंद्र सिंह चौहान, यतीश ओझा, संजय रावल, अर्जुन, चंद्र सिंह धामी, कैलाश और कवींद्र मेहता थे।
इससे पहले मुख्य अतिथि सांसद महेंद्र सिंह माहरा ने प्रतियोगिता का उद्घाटन करते हुए खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और शुभकामनाएं दी। जिला खेल अधिकारी विनोद सिंह वल्दिया ने बताया कि प्रतियोगिता में कुल 14 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। प्रतियोगिता का समापन 30 सितंबर को विधायक मयूख महर करेंगे। इस अवसर पर भुवन पंत, कृष्ण सिंह महर, उप खेल अधिकारी मनोज पुनेठा, देवेंद्र सिंह रावत, शमशेर सिंह सौन, जगत सिंह महरा, अक्षय भंडारी, गोपाल सिंह, विक्रम सिंह, प्रशांत कुमार नौटियाल, नितिन चंद्रा, कपिल मर्तोलिया, सुमित रावत, महिपाल राणा समेत तमाम खेल प्रेमी मौजूद थे।