पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ से अस्कोट तक 50 किमी मोटर मार्ग को टू लेन बनाने के लिए केंद्र सरकार ने सैद्धांतिक स्वीकृति दे दी है। चीन सीमा को जोड़ने वाली इस सड़क के टू लेन बनने से सीमांत के लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी ने बताया कि उन्होंने आठ सितंबर 2018 को सड़क परिवहन मंत्री के समक्ष दिल्ली में इस सड़क का मामला रखा था। इसमें उन्होंने जिले के लिए भारतमाला प्रोजेक्ट के तहत सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण पिथौरागढ़-झूलाघाट को टू लेन, अल्मोड़ा-पनार मोटर मार्ग को भी टू लेन बनाने के साथ ही पिथौरागढ़ से अस्कोट सड़क को टू लेन करने के लिए अनुरोध पत्र दिया था। मंत्री नितिन गडकरी ने पिथौरागढ़-अस्कोट सड़क को टू लेन बनाने की स्वीकृति दे दी है। उन्हें भी इस संबंध में एक पत्र परिवहन मंत्रालय से मिला है। जिसके लिए उन्होंने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का आभार जताया है। कहा कि करीब 380 करोड़ रुपये की लागत से सड़क बनेगी। प्रदेश प्रवक्ता जोशी ने कहा कि वर्तमान में भारत, चीन और नेपाल की सीमाओं पर तनाव है। प्रधानमंत्री मोदी ने भी इसके लिए सीमा पर सड़कों के विस्तार की बात कही है। परिवहन मंत्रालय की ओर से पिथौरागढ़-अस्कोट सड़क के निर्माण से देश सामरिक दृष्टि से मजबूत होगा।