पिथौरागढ़। जीआईसी गर्खा के खेल मैदान में आयोजित 24वें स्व. मनमोहन सिंह कन्याल स्मृति वॉलीबाल टूर्नामेंट के पुरुष और महिला वर्ग के फाइनल मुकाबले खेले गए। वॉलीबाल एसोसिएशन पिथौरागढ़ और मां भगवती क्लब ओगला चैंपियन बने।
गर्खा जीआईसी मैदान में बृहस्पतिवार को बालिका वर्ग में पहला फाइनल मुकाबला नारायणनगर महाविद्यालय और जिला वॉलीबाल एसोसिएशन के बीच खेला गया। जिला वॉलीबाल एसोसिएशन पिथौरागढ़ ने 25-23, 25-22 से जीत हासिल कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। वहीं पुरुष वर्ग का फाइनल मुकाबला 12 कुमाऊं रेजिमेंट और जय मां भगवती क्लब ओगला के मध्य खेला गया। जय मां भगवती क्लब ओगला ने बेहतरीन प्रदर्शन कर 25-23, 25-24, 25-21 से 12 कुमाऊं रेजिमेंट पिथौरागढ़ को पराजित कर चैंपियनशिप जीती।
मुख्य अतिथि डीडीहाट ब्लॉक प्रमुख नरेंद्र सिंह धामी और ग्राम प्रधान संगठन के अध्यक्ष महिमन सिंह ने विजेता और उपविजेता टीम को पुरस्कृत किया। बिक्रम बिष्ट, इंद्रजीत सिंह ने निर्णायक की भूमिका निभाई। यहां कनालीछीना के ब्लॉक प्रमुख महिमन कन्याल, बलवंत रावल, डब्बू साह, हरीमोहन कन्याल, निरंजन बिष्ट आदि मौजूद थे।