मलबा गिरने से बंद पिथौरागढ़-तवाघाट मार्ग से मलबा हटाती जेसीबी
- फोटो : अमर उजाला
पिथौरागढ़-तवाघाट एनएच पर बुधवार को अचानक चट्टान दरकने से मलबा सड़क पर आ गिरा। इस कारण बंदरलीमा में करीब एक घंटे तक यातायात ठप रहा और सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। इससे यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
बुधवार दोपहर करीब पौने तीन बजे राजमार्ग पर कनालीछीना और ओगला के बीच में बंदरलीमा के पास चट्टान दरक गई। इससे भारी मात्रा में मलबा सड़क पर पट गया। गनीमत यह रही कि चट्टान दरकते समय कोई वाहन वहां से नहीं गुजर रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक कार थोड़ी दूरी पर थी, जो बाल-बाल बची। सड़क बंद होने की सूचना पर सीमा सड़क संगठन के अधिकारी और जवान मौके पर पहुंचे। उन्होंने जेसीबी और मजदूर लगाकर मलबा हटाने का काम शुरू किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद 3.45 पर सड़क से मलबा हटाया जा सका।
वहीं, सड़क बंद होने से धारचूला, अस्कोट, जौलजीबी, पिथौरागढ़ आने-जाने वालों के साथ ही डीडीहाट जाने वाले यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी। बता दें कि सड़क चौड़ीकरण के लिए किए गए कटान के कारण इस मार्ग पर अक्सर चट्टान दरकती हैं। बरसात में यातायात संचालन में दिक्कत आती है। चट्टान दरकने से वाहन दुर्घटनाएं तक हो चुकी हैं।