पिथौरागढ़ की पुलिस लाइन की सड़क पर पड़ा गड्ढा।
- फोटो : पिथौरागढ़
जिला मुख्यालय की सड़कों पर गड्ढों की भरमार हो गई है। हद तो यह है कि लोक निर्माण विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों की नजर तक इन गड्ढों पर नहीं पड़ रही है।
शहर के कुमौड़ तिराहे से पुलिस लाइन जाने वाली सड़क पर एक बड़ा सा गड्ढा हादसे को दावत दे रहा है। पानी की लाइन में आई खराबी को दूर करने के लिए ये गड्ढा खोदा गया था। गड्ढा खोदने के बाद उसे ढका नहीं गया है। इस मनमानी को देखते हुए किसी व्यक्ति ने गड्ढे में बोर्ड लगाकर उस पर लिख दिया, विभाग की लापरवाही -जरा संभलकर कुछ भी हो सकता है...। इसके बाद भी गड्ढे को पाटने की जहमत नहीं की गई है।
रोडवेज स्टेशन के पास सड़क पर एक नहीं कई गड्ढे हैं। उससे कुछ आगे बढ़ने पर केमू स्टेशन के पास की सड़क पर भी गड्ढे ही गड्ढे हैं। घंटाकरण में भी बड़ा सा गड्ढा सड़क पर बना है। विण, जाखनी को जाने वाली सड़क पर गड्ढों की भरमार है। कई दोपहिया वाहन इन गड्ढों की चपेट में आ भी चुके हैं। गड्ढों को पाटने के लिए कोई कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता खीमराज जोशी, सीमांत यूथ मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सुशील खत्री आदि का कहना है कि गड्ढों को पाटने के लिए तत्काल कदम उठाए जाने चाहिए।
पानी की लाइन बिछाने के लिए सड़कों को खोद दिया जा रहा है। इस संबंध में जल संस्थान को पत्र भेजा जा रहा है। गड्ढों को सोमवार को पाटा जाएगा।
सुनील कुमार, अधिशासी अभियंता लोनिवि प्रांतीय खंड पिथौरागढ़