चंपावत। जिला अस्पताल में फिजिशियन के दो स्वीकृत पदों में से एक रिक्त है। इसके चलते मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल की ओपीडी में रोजाना करीब 150 से 200 मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। एक ही चिकित्सक पर मरीजों की जांच और उपचार का जिम्मा है। इससे मरीजों को अपनी बारी के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता है।
चेस्ट फिजिशियन का पद भी लंबे समय से खाली पड़ा है। एक चिकित्सक के सुपर पीजी करने जाने के बाद से यह पद रिक्त हुआ है। मौसम में बदलाव के कारण वायरल और सांस संबंधी बीमारियों के मरीज बढ़ गए हैं। इस कारण ओपीडी में भीड़ और दबाव बढ़ गया है। सांस और छाती संबंधी मरीजों को उपलब्ध व्यवस्था के तहत उपचार दिया जा रहा है।
अन्य दूसरे फिजिशियन के रिक्त पद को भरने के लिए शासन स्तर पर प्रक्रिया चल रही है। सुपर पीजी के लिए गए चिकित्सक के स्थान पर तैनाती होने की उम्मीद है। वर्तमान में उपलब्ध फिजीशियन के माध्यम से मरीजों को उपचार दिया जा रहा है और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
- डॉ. देवेश चौहान, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, चंपावत