पिथौरागढ़। लोकसभा चुनाव में निर्वाचन कर्तव्य प्रमाण पत्र (ईडीसी) के माध्यम से कार्मिक मतदान करेंगे।
मतदान कार्मिकों के प्रथम प्रशिक्षण में प्रशिक्षक उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. पंकज जोशी ने बताया कि इस बार संसदीय निर्वाचन क्षेत्र अल्मोड़ा के मतदान कार्मिक तथा निर्वाचन में लगे सुरक्षा कार्मिक ईडीसी से अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि संसदीय क्षेत्र के ऐसे मतदाता कार्मिक जो जनपद पिथौरागढ़ में कार्यरत हैं उनको प्रारूप 12 ए में अपना आवेदन देना होगा। इसके साथ निर्वाचन ड्यूटी आदेश तथा मतदाता पहचान पत्र की छाया प्रति संलग्न करनी होगी।
द्वितीय प्रशिक्षण तथा मतदान स्थल को प्रस्थान करने के दिन इन कार्मिकों को उनके निर्वाचन कर्तव्य प्रमाण पत्र प्रशिक्षण केंद्र पर ही उपलब्ध करा दिए जायेंगे। कार्मिक की ड्यूटी मतदान के जिस भी केंद्र पर होगी वहीं निर्वाचन कर्तव्य प्रमाण पत्र के आधार पर मतदान किया जा सकेगा। इसी प्रकार जो कार्मिक अन्य लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से हैं उनको डाक मतपत्र की सुविधा दी गई है। इसके लिए उनको प्रारूप 12 में अपना आवेदन देना होगा। इनके डाक मतपत्र संबंधित रिटर्निंग ऑफिसर से प्राप्त करते हुए जनपद मुख्यालय में एक सुविधा केंद्र बनाकर उसके माध्यम से कार्मिकों को वितरित किया जाएगा।
बाक्स
मतदाताओं को दिलाई मतदान शपथ
पिथौरागढ़। जिला निर्वाचन अधिकारी रीना जोशी के निर्देशन के अनुपालन में विधानसभा डीडीहाट में विशेष मतदाता जागरूकता कार्यक्रम किया गया। समन्वयक शंकर दत्त भट्ट ने मतदान की शपथ दिलाते हुए लोकसभा चुनाव में शत प्रतिशत मतदान के लिए प्रेरित किया। डूंगरी, मिताड़ी गांव, छड़नदेव, न्वाली, डौड़ा, राइंका पीपली, ग्रामीण बैंक आदि जगहों पर शपथ दिलाई गई। हंसेश्वर मठ में महंत परमानंद गिरी महाराज से भक्तों को प्रेरित करने का अनुरोध किया गया। इस मौके पर प्रधानाचार्य न्वाली महिमन सिंह खड़ायत, ओमप्रकाश सिंह सामंत, प्रियंका दताल, भगवती जोशी, प्रधान डौड़ा नरेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे। संवाद