कैलाश यात्रा मार्ग की दुर्दशा के खिलाफ प्रदर्शन
- फोटो : अमर उजाला
कैलाश मानसरोवर पैदल यात्रा मार्ग पर लखनपुर के पास लगातार गिर रहे पत्थरों से आने जाने वालों के लिए गंभीर खतरा पैदा हो गया है। लंबे समय से जारी इस समस्या का समाधान न होने से आक्रोशित लोगों ने बुधवार को एसडीएम कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। एसडीएम आरके पांडे ने कहा है कि सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के अधिकारियों को तलब किया जा रहा है। यदि दोबारा लखनपुर में कोई हादसा होता है तो बीआरओ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
लखनपुर के ठीक ऊपर से बीआरओ रोड की कटिंग कर रहा है। उसका सारा मलबा पैदल रास्ते पर गिर रहा है। बीआरओ ने इस स्थान पर चेतावनी का कोई बोर्ड नहीं लगाया है। पिछले सप्ताह इसी स्थान पर मलबे की चपेट में आकर एक युवक की मौत हो गई थी। आंदोलन का नेतृत्व कर रहे भाजपा नेता जगत मर्तोलिया ने कहा कि इस रास्ते का सिर्फ यात्रा के लिए ही महत्व नहीं है वरन इससे क्षेत्र के लोग, सुरक्षा बलों के जवान, भारत-तिब्बत व्यापार से लौटने वाले व्यापारी भी आवाजाही करते हैं।
उन्होंने कहा कि पिछले एक महीने से लखनपुर में यह समस्या पैदा हुई है लेकिन रोकथाम के उपाय नहीं किए गए हैं। एसडीएम ने लोगों के आंदोलन को देखते हुए कड़ा रुख अख्तियार किया है। प्रदर्शन में महेश गर्ब्याल, भीम सिंह, नवीन थलाल, किशन राणा, राकेश टाकुली, चंद्र सिंह, हर सिंह समेत तमाम लोग थे।