काशीपुर के चामुंडा मंदिर में मूर्ति तोड़ने का विरोध पिथौरागढ़ में भी शुरू हो गया है। मंगलवार को हिंदूवादी संगठनों के लोगों ने घटना के विरोध में जाम, प्रदर्शन किया और आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की। हिंदू जागरण मंच के जिलाध्यक्ष सोनम पांडे और विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष जगदीश पांडे के नेतृत्व में केएमओयू स्टेशन में एकत्र लोगों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। प्रदेश सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए घटना को अंजाम देने वाले लोगों की अभी तक गिरफ्तारी नहीं होने पर भारी रोष जताया।
कहा कि अराजक तत्व काशीपुर शहर में स्थित चामुंडा मंदिर में घुसकर मूर्ति तोड़ कर नगदी और जेवरात उड़ा ले जाते हैं, लेकिन पुलिस दो दिन बाद भी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर पाती है। इन लोगों ने घटना को हिंदू समुदाय के लोगों की भावनाओं के साथ खिलवाड़ा बताया है। कार्यकर्ताओं ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी न होने पर व्यापक आंदोलन की चेतावनी दी है। प्रदर्शन में महेश जोशी, कैलाश जोशी, हरीश कुमार, विशाल टम्टा, बजरंगी सुरेश जोशी, नितिन मारकन, ललित जोशी, विपिन भट्ट, रोहित बिष्ट, नीरज, विपिन जोशी, संदीप, राजू, भास्कर, योगेश, कवींद्र मेहता आदि थे।