पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ के धर्मशाला और नया बाजार में दूषित पेयजल आपूर्ति होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। परेशान लोगों ने डीएम को ज्ञापन सौंपकर साफ पानी की आपूर्ति कराए जाने की मांग की है।
बुधवार को पूर्व व्यापार संघ अध्यक्ष शमशेर सिंह महर के नेतृत्व में लोग डीएम से मिले। उन्होंने ज्ञापन सौंपकर कहा है कि कई दिनों से क्षेत्र में दूषित पानी की आपूर्ति हो रही है। इससे 15 दिन के अंतराल में उन्हें वाटर प्यूरीफाई की कैंडल बदलनी पड़ रही है।
दूषित पानी के उपयोग से कई लोग पीलिया से भी ग्रसित हो चुके हैं। उन्होंने पानी की आपूर्ति करने वाले महकमों को साफ पानी देने के निर्देश दिए जाने की मांग की है। ज्ञापन में दिनेश चंद्र जोशी, प्रदीप पुनेठा, ज्योति पुनेठा, दिनेश कलखुड़िया, हेम नरियाल, मयंक पंत आदि लोगों के हस्ताक्षर हैं। संवाद