नाचनी में मतदाता जागरूकता रैली निकालते स्कूली बच्चे
- फोटो : अमर उजाला
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने मतदाता जागरूकता सप्ताह के तहत पिथौरागढ़ नगर में अभियान चलाकर लोगों को मतदान के लिए प्रेरित किया। एबीवीपी ने जगह-जगह जाकर हस्ताक्षर अभियान चलाया और जनसभाओं का आयोजन किया। एबीवीपी के प्रदेश सहमंत्री रोहित ओझा, विभाग संगठन मंत्री डा. देवेंद्र राणा के नेतृत्व में युवाओं से लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए संकल्प दिलाए गए। अभियान को सफल बनाने में जिला संयोजक अभिषेक मेहता, खगेश अवस्थी, ललित अवस्थी, हिमांशु वर्मा आदि ने सहयोग किया।
डीडीहाट में शंखनाद जनचेतना ने तहसील वार्ड, पटवारी मोड़, नई बस्ती और लोहार गांव में लोगों को मतदान करने के लिए जागरूक किया। मंच के निदेशक ललित शौर्य ने लोगों से 15 फरवरी को अधिक से अधिक संख्या में मतदान केंद्र में पहुंचने की अपील की। साहित्यकार नवीन चंद्र शर्मा ने कहा कि हम सबको वोट करना चाहिए। लोक गायक रघुराज ने कहा कि वह गीतों के माध्यम से लोगों को वोट डालने के लिए प्रेरित करेंगे। इस दौरान पुष्कर सिंह खड़ायत, लीला देवी, डिगर सिंह, सीनू मेहता, उषा, मानव धानकी आदि उपस्थित थे।
नाचनी में जीआईसी के विद्यार्थियों ने धामी फल्याटी गांव में मतदाता जागरूकता अभियान चलाया। प्रधानाचार्य जीआर आर्या के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने एक किमी तक मतदाता जागरूकता रैली निकालकर लोगों को निष्पक्ष मतदान के लिए प्रेरित किया। रैली में शिक्षक समेत तमाम लोग शामिल थे।
अस्कोट में जीआईसी, केबीएस पाल मेमोरियल स्कूल, चिल्ड्रेन पैराडाइज पब्लिक स्कूल, ब्राइट बिगनिंग, कन्या जूनियर हाईस्कूल, प्राइमरी पाठशाला प्रथम और द्वितीय के विद्यार्थियों ने गांव-गांव जाकर मतदाता जागरूकता रैली निकाली। रैली में जीआईसी के प्रधानाचार्य किशन राम गौरकेला, शिक्षक गोपाल सिंह खोलिया, लक्ष्मण प्रसाद, पूनम वर्मा, साधो सिंह कार्की समेत तमाम विद्यार्थी मौजूद थे।