गंगोलीहाट (पिथौरागढ़ )। बलीगांव के ग्रामीणों ने सड़क की मांग पर तहसील कार्यालय में प्रदर्शन किया। उन्होंने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर सड़क निर्माण न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
शनिवार को कांग्रेस अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज टम्टा के नेतृत्व में ग्रामीणों ने एसडीएम कार्यालय पहुंचकर नारेबाजी की। इसके बाद तहसीलदार देवांश प्रताप के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। ग्रामीणों ने कहा कि वे पिछले कई वर्षों से सड़क की मांग कर रहे हैं। गांव से तहसील मुख्यालय तक पहुंचने में उन्हें चार किलोमीटर की खड़ी चढ़ाई पार करनी पड़ती है। प्राथमिक से लेकर इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई के लिए बच्चे रोजाना इतनी पैदल दूरी नापने के लिए मजबूर हैं। बीमारों और गर्भवतियों को डोली के सहारे अस्पताल पहुंचाना मजबूरी बना है। कई बार मांग के बावजूद उनकी समस्या हल नहीं की जा रही है। ग्रामीणों ने सड़क न बनने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। प्रदर्शन करने वालों में ग्राम प्रधान पूरन राम, गिरीश राम, पवन राम, मुकेश कुमार, लीलाराम, आरती, खुशी, दीपा देवी, होशियाराम, सोनी देवी, तारा देवी, राम प्रसाद, संजय कुमार, धीरज राम आदि शामिल रहे। संवाद