पिथौरागढ़। जिला मुख्यालय में लोगों को पानी के लिए मशक्कत करनी पड़ रही है। नगर के कई हिस्सों में तीन बाद तो कहीं दो दिन बाद लोगों को पानी मिल रहा है। करोड़ों की लागत वाली विभिन्न योजनाओं के निर्माण के बाद भी नगर के लोग पानी के लिए परेशान है।
नगर की आबादी को रोजाना करीब लगभग 10 एमएलडी पानी की जरूरत है, लेकिन नगर में संचालित आंवलाघाट पंपिंग, घाट पेयजल योजना से जरूरत के सापेक्ष करीब चार से पांच एमएलडी पानी ही मिल रहा है। नलों में पर्याप्त मात्रा में पेयजल न आने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सिनेमा लाइन वार्ड में पानी आने का समय नहीं है। पानी तीसरे दिन लोगों को मिल पा रहा है। कभी सुबह तो कभी दिन में पानी की सप्लाई की जाती है। ऐसे में नौकरीपेशा और व्यापारियों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ता है।
विण वार्ड में भी तीसरे दिन और सिमलगैर वार्ड में दूसरे दिन लोगों को पानी मिल रहा है। पानी की समस्या से निपटने के लिए जल संस्थान रोस्टर के हिसाब से पानी की सप्लाई कर रहा है। जनमंच के संयोजक भगवान रावत ने कहा कि विभाग को आपसी तालमेल बनाकर लोगों को पेयजल उपलब्ध कराना चाहिए। एक दूसरे की कमियां गिनाने से सिर्फ जनता को परेशानी उठानी पड़ेगी।