टनकपुर (चंपावत)। दूरस्थ हाईवे से सटे बृजनगर-सूखीढांग क्षेत्र में कटखने बंदरों के हुड़दंग से लोग परेशान हैं। ये बंदर घरों और दुकानों में घुसकर सामान उठा ले जा रहे हैं और भगाने पर काटने के लिए दौड़ते हैं। क्षेत्र के लोगों ने वन विभाग से तत्काल टीम भेजकर बंदरों को पकड़ने और रेस्क्यू सेंटर भेजने की मांग की है।
देवभूमि उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल की सूखीढांग-अमोड़ी शाखा के अध्यक्ष शंकर दत्त जोशी ने बृजनगर-सूखीढांग बाजार में बंदरों का दहशत बढ़ने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इससे छोटे स्कूली बच्चों को भी खतरा बना हुआ है। जौल ग्राम पंचायत के प्रधान प्रतिनिधि किशन सिंह बोहरा ने बूम वन रेंज कार्यालय को सूचना दी थी पर कार्रवाई न होने से व्यापारियों में रोष है। बंदर दुकानों से चिप्स, नमकीन, बिस्किट, केले, सेब और ग्राहकों की थाली से परांठे व रोटियां छीन लेते हैं। पिछले वर्ष वन विभाग ने उत्पाती बंदरों को पकड़कर दूरस्थ क्षेत्रों में छोड़ा था हालांकि पिछले दो-तीन माह से करीब एक दर्जन बंदरों ने फिर बाजार में उत्पात मचाना शुरू कर दिया है।
कारोबारियों ने जताई चिंता
सदाबहार भोजनालय के कमल किशोर और अमित टी स्टॉल के महेश चौड़ाकोटी ने बंदरों के हुड़दंग पर चिंता जताई। पहाड़ी कैफे के नीरज जोशी और बिष्ट रेस्टोरेंट के योगेश बिष्ट भी इस समस्या से प्रभावित हैं। पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य राजेंद्र सिंह राणा और श्रीरामलीला कमेटी के अध्यक्ष हवलदार हयात सिंह राणा ने भी कार्रवाई की मांग की।