पिथौरागढ़। ऐंचोली के पास गड्ढों के कारण एनएच लंबे समय से बदहाल है। इसके बाद भी इसे ठीक करने के लिए कोई प्रयास नहीं किए जा रहे हैं। यहां पर कई बार दो-पहिया वाहन चालक गिरकर घायल हो गए हैं। इसके बाद भी सड़क को ठीक करने के लिए कोई प्रयास नहीं कर रहा है। एनएच के बदहाल होने के कारण पेयजल योजना का पानी लीक होकर सड़क में बहना है।
बृहस्पतिवार को ऐंचोली के पास पेयजल लीकेज की पड़ताल की गई। ऐंचोली तिराहे से पुलिस चौकी तक सड़क में पानी के बहने से बड़े- बड़े गड्ढे बन गए हैं। लोगों का कहना है कि इन गड्ढों में पेयजल योजना से लीकेज होकर पानी भर रहा है। वाहनों के चलने पर राहगीरों के ऊपर इन गड्ढों से पानी उछलकर लोगों पर पड़ रहा है। सड़क पर पानी बहने से डामर उखड़कर रोखड़ बन गया है। यहां पर कई दो-पहिया वाहन चालक गिरकर घायल हो गए हैं।
लोगों ने पेयजल लाइन को ठीक कर सड़क में बने गड्ढों को ठीक करने की मांग की है। इस संबंध में ऐंचोली पुलिस ने भी कई बार एनएच के अधिकारियों को सड़क ठीक करने के लिए पत्र भेज दिया है। इसके बाद भी सड़क को ठीक नहीं किया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने एनएच से सड़क को ठीक करने की मांग की है।
सड़क के पास जल संस्थान का पाइप फटने के कारण सड़क खराब हो रही है। जब तक लीकेज ठीक नहीं होता है सड़क को ठीक करना संभव नहीं है। इस संबंध में जल संस्थान को प्रस्ताव बनाकर भेजा है। बरसात खत्म होते ही सड़क को ठीक कर दिया जाएगा। - आशुतोष कुमार, ईई एनएच लोहाघाट।
पानी का रिसाव किसी के व्यक्तिगत पेयजल कनेक्शन से हो रहा है। लीकेज को ठीक करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द लीकेज को ठीक कर लिया जाएगा। - सुरेश जोशी, ईई जल संस्थान पिथौरागढ़।