पिथौरागढ़। जनसुनवाई दिवस के तहत डीएम विनोद गोस्वामी ने कलक्ट्रेट सभागार में जनसमस्याएं सुनीं और अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए। लगभग 40 शिकायतों का निस्तारण किया।
प्राथमिक शिकायतें स्कूल भवनों की मरम्मत और शिक्षकों की उपलब्धता से जुड़ी रहीं। इसके अलावा भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, पेयजल संकट, सड़क मरम्मत, आवास, विस्थापन और कई सरकारी योजनाओं से संबंधित मुद्दे प्रमुख रहे। मानसून काल को देखते हुए स्कूलों की मरम्मत के लिए शिक्षा विभाग को पांच लाख कॉर्पस फंड स्वीकृत किया। सीईओ को जीर्णशीर्ण स्कूल भवनों की मरम्मत करने और आपदा काल में छात्रों की वाहनों से आवाजाही रोकने के निर्देश दिए। विवेकानंद स्कूल के बच्चों के सड़क बंद होने से फंसने पर आवश्यक कार्रवाई के आदेश दिए। ग्राम जयकोट विद्यालय में शिक्षकों की उपस्थिति की जांच के लिए तहसीलदार धारचूला की अध्यक्षता में गठित जांच समिति को शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। क्षतिग्रस्त सड़कों, पुलों और भवनों का निरीक्षण कर रिपोर्ट तैयार करने के लिए कहा।
सिनेमा लाइन निवासी बसंती देवी की अपने परिजन के इलाज के लिए एंबुलेंस और वित्तीय सहायता की मांग पर डीएम ने सीएमओ को एम्बुलेंस उपलब्ध कराने और 5,000 की वित्तीय सहायता देने के आदेश दिए। सीएमओ को जिले में कई स्थानों पर मेडिकल कैंप लगाकर दवा बांटने के निर्देश भी दिए। यहां डीएफओ आशुतोष सिंह, सीएमओ डॉ. एसएस नबियाल, एसडीएम सदर मनजीत सिंह, डीडीओ रमा गोस्वामी सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
समाचार पत्रों की खबरों का लिया संज्ञान
पिथौरागढ़। जनसुनवाई के दौरान डीएम विनोद गोस्वामी ने बीते सप्ताह समाचार पत्रों में प्रकाशित जनसमस्याओं से संबंधित समाचारों की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों से कार्रवाई की जानकारी तलब की और सभी लंबित मामलों में जल्द कार्यवाही कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। संवाद