पिथौरागढ़। एससी-एसटी शिक्षक एसोसिएशन ने डीएम विनोद गोस्वामी के माध्यम से सीएम को ज्ञापन देकर शिक्षकों की समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग की। समस्याओं का समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
एसोसिएशन के अध्यक्ष बीआर कोहली के नेतृत्व में शिक्षकों ने ज्ञापन दिया। राज्य के अधीन पदों में एससी एसटी वर्गों के प्रतिनिधित्व के आंकलन के लिए 2012 में गठित जस्टिस इरशाद हुसैन कमेटी की रिपोर्ट को सार्वजनिक करने, विभागीय पदोन्नति वाले पदों में एससी एसटी वर्गों का प्रतिनिधित्व बढ़ाने, एसोसिएशन को विभागीय स्तर पर प्रतिनिधि संगठन की मान्यता देने, सरकारी स्कूलों में शिक्षक, प्रवक्ता, प्रधानाध्यापक, प्रधानाचार्य, परिचारकों, सफाईकर्मियों के सभी रिक्त पदों को शीघ्र भरने की मांग की।
उन्होंने कहा कि वे लंबे समय से इन समस्याओं के समाधान की मांग कर रहे हैं लेकिन उनकी नहीं सुनी जा रही है। चेतावनी दी कि जल्द इन सभी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करेंगे। ज्ञापन देने वालों में नवीन कोहली, गिरीश प्रसाद, प्रकाश मोहन, गणेश लाल, अनु विश्वकर्मा, मुन्नी टम्टा, बासुदेव देव लोहिया आदि शामिल रहे।