धारचूला (पिथौरागढ़)। कैलाश मानसरोवर मार्ग पर स्थित पांगला क्षेत्र में स्वास्थ्य की कोई सुविधा नहीं है। क्षेत्रवासियों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर 40 किलोमीटर दूर संयुक्त अस्पताल धारचूला जाना पड़ता है। इस समस्या को देखते हुए क्षेत्रवासियों ने धारचूला तहसील के पांगला क्षेत्र में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने की मांग की है।
तील रौतेली पुरस्कार प्राप्त समाज सेवी शकुंतला दताल ने बताया कि पांगला में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने की मांग उन्होंने मुख्यमंत्री से की थी। मुख्यमंत्री की ओर से अस्पताल खोलने की घोषणा की जा चुकी है। अभी तक इस मामले में कोई कार्यवाही नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि पांगला क्षेत्र में अस्पताल नहीं होने से मानसून काल में भारी वर्षा के कारण सड़क ब्लॉक होने और अन्य समस्या होने पर क्षेत्रवासियों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। पांगला में स्वास्थ्य केंद्र खुलने पर पांगला, गाला, जिप्ती, तांकुल, जयकोट, कुरीला के ग्रामीणों के साथ ही पर्यटकों को सुविधा मिलेगी। इसके अलावा पड़ोसी देश नेपाल के लोग भी स्वास्थ्य सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। उन्होंने धारचूला के एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर शीघ्र स्वास्थ्य केंद्र खोलने की मांग की है।