बंगापानी (पिथौरागढ़) । ग्रामीण क्षेत्र को जोड़ने वाली सड़क पर बने गड्ढों को भरने में खानापूर्ति की जा रही है। इससे ग्रामीणों में विभाग के प्रति रोष है। उन्होंने सड़कों पर बने गड्ढों को ठीक से नहीं भरने पर जिला मुख्यालय में आंदोलन की चेतावनी दी है।
बंगापानी से जारा जिबली को जोड़ने वाली पीएमजीएसवाई की सड़क बरसात के दिनों गड्ढों में तब्दील हो गई थी। ग्रामीणों के बार-बार सड़क ठीक करने की मांग के बाद गड्ढों को बीते कुछ दिन पहले भरा गया, लेकिन इसमें खानापूर्ति की गई है। सड़क की सुरक्षा दीवार कई जगह गिर चुकी है। 19 किमी सड़क का डामर एक साल में उखड़ने लगा था।
सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बने हैं। गड्ढों में हल्की सी बारिश होने पर पानी भर जाता है। ग्रामीण भीम सिंह धामी, रूप सिंह धामी, आन सिंह धामी ने बताया कि गांव को सड़क तो मिली लेकिन इसमें हुआ डामर भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया। बदहाल सड़क से बैकोट, जिबली, जारा, देवथल, बाननी के तीन हजार की आबादी को परेशानी उठानी पड़ रही है।
सड़क निर्माण के दौरान नहीं किया गया डामर
बंगापानी। ग्रामीण रूप सिंह धामी ने बताया कि पीएमजीएसवाई ने 19 किमी सड़क का निर्माण किया है। इसका निर्माण कार्य 2021 में पूरा हुआ था। ठेकेदारों ने देवीधार, खड़ीगाड़, हुमकट्या सहित करीब 20 से अधिक जगहों पर एक किमी के दायरे में डामर नहीं किया था। इसकी सूचना ग्रामीणों ने विभाग के अधिकारियों को भी दी, बावजूद उनकी किसी ने नहीं सुनी।
वर्जन
बंगापानी से जारा जिबली को जोड़ने वाली सड़कों पर इन दिनों झाड़ियों का कटान किया जा रहा है। मौसम अनुकूल होते ही पैच भरने का कार्य भी शुरू कर दिया जाएगा। - मनमोहन बिजल्वाण, एक्शन पीएमजीएसवाई धारचूला।