पिथौरागढ़। जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग की अदालत शहर से पांच किलोमीटर दूर स्थापित किए जाने पर जिला बार संघ ने सवाल उठाए हैं। बार संघ की ओर से वादकारियों की सुविधा के लिए अदालत को शहर के बीच में सुविधाजनक स्थान पर शिफ्ट किए जाने की मांग उठाई गई है।
वरिष्ठ अधिवक्ता ईश्वरी प्रसाद पंत ने कहा है कि उपभोक्ता आयोग की अदालत शहर से पांच किलोमीटर दूर ऐसे स्थान पर खोली गई है, जहां आने जाने के लिए कोई सुविधा नहीं है। जिले के दूरदराज के क्षेत्रों से आने वाले वादकारियों को अदालत तक पहुंचने में खासी दिक्कत होती है। इस रूट पर टैक्सियों का संचालन नहीं होता है।
वादकारियों को वहां न तो अधिवक्ता मिल पाते हैं और न ही अर्जी लिखने के लिए अराजयनवीस उपलब्ध होते हैं। वादकारियों के भोजन पानी आदि के लिए वहां दुकानें तक भी उपलब्ध नहीं हैं। जिला बार संघ अध्यक्ष मोहन चंद्र भट्ट का कहना है कि पूर्व में उपभोक्ता अदालत जिला न्यायालय परिसर में ही संचालित होती थी, जिससे वादकारियों को सुविधा मिलती थी।
उपभोक्ता फोरम अदालत के लिए कलक्ट्रेट के निकट भूमि का चयन हो चुका है, लेकिन भवन निर्माण की कार्यवाही अब तक शुरू नहीं हो पाई है। कहा कि वर्तमान में जिस स्थान पर अदालत की व्यवस्था की गई है वह किसी भी रूप में वादकारियों के हित में नहीं है।
उन्होंने कहा कि भवन तैयार होने तक उपभोक्ता अदालत को शहर में ही सुविधाजनक स्थान पर संचालित किया जाए। इस संबंध में अधिवक्ता संस्था की ओर से जिलाधिकारी समेत उपभोक्ता मामलों के सचिव, राज्य उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग के निबंधक को पहले भी ज्ञापन भेजे जा चुके हैं।