डीडीहाट(पिथौरागढ़)। विकासखंड के दुर्गम चिटगल गांव तक सड़क निर्माण का मामला फिर से अधर में लटक गया है। विधायक निधि से मानकों के अनुरूप सड़क नहीं कटी तो लोनिवि ने इसे लेने से इनकार कर दिया है।
वर्ष 2014-15 में चमू बैंड से कांडा तक सात किमी सड़क का निर्माण लोनिवि ने किया। इसके बाद कांडा से आगे पांच किमी सड़क विधायक निधि से काटी गई जो वर्तमान में बदहाल है। इस पर पैदल चलना भी मुश्किल हो रहा है। ग्रामीणों के आंदोलन के बाद कांडा से सात किमी दूर चिटगल गांव तक सड़क निर्माण के लिए स्वीकृति मिली है।
लोनिवि ने पूर्व में विधायक निधि से कटी पांच किमी सड़क को मानकों के अनुरूप न होने की बात कर इसे लेने से इनकार कर दिया है। विभाग स्वीकृत सड़क के लिए नई भूमि उपलब्ध कराने की बात कर रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व में सड़क के लिए उनकी भूमि ली गई जिसका आज तक मुआवजा नहीं मिला है। ऐसे में वह नई भूमि कैसे देंगे। ग्रामीणों का कहना है कि लोनिवि को विधायक निधि से काटी गई सड़क का विस्तार करना चाहिए। वहीं लोनिवि का कहना है कि यदि नई भूमि मिलेगी तो चिटगल गांव सड़क पहुंचेगी।