पिथौरागढ़। राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डौड़ा का क्लस्टर स्कूल जीआईसी बगड़ीहाट में समायोजन करने का क्षेत्र के ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया है। उन्होंने कलक्ट्रेट पहुंचकर डीएम को ज्ञापन दिया। कहा कि हमारे स्थानीय स्कूल को बंद कर इसका अन्य स्कूल में समायोजन किया तो आंदोलन होगा।
डौड़ा, रणुवा, अमतड़ी, हीराखान के ग्रामीण कलक्ट्रेट पहुंचे और डीएम विनोद गोस्वामी को ज्ञापन दिया। उन्होंने कहा कि उच्चतर माध्यमिक स्कूल डौड़ा का क्लस्टर स्कूल जीआईसी बगड़ीहाट में समायोजन किया जा रहा है। ऐसे में क्षेत्र के बच्चों को जीआईसी बगड़ीहाट पहुंचने के लिए 10 किलोमीटर का पैदल सफर करना होगा। रास्ते में कई नाले बहते हैं। इन नालों पर जान जोखिम में डालकर आवाजाही करनी होगी। यह स्कूल पढ़ाई के साथ खेल और अन्य गतिविधियों के लिए आगे है। ऐसे में इस स्कूल को बंद कर इसका समायोजन करना बच्चों के हित में सही नहीं है। चेतावनी दी कि यदि डौड़ा स्कूल को समायोजित किया तो क्षेत्र के ग्रामीण और अभिभावक सड़कों पर उतरेंगे। ज्ञापन देने वालों में एसएमसी अध्यक्ष सुरेश राम, पीटीए अध्यक्ष महेश कुमार, दिवान सिंह, चंद्र सिंह, लक्ष्मण सिंह, ललित सिंह, कपिल सिंह, हरी राम, नरेंद्र कुमार, कुशल राम आदि लोग शामिल रहे।