गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)। पाताल भुवनेश्वर-दौलाबलिया-रावलखेत सड़क की जांच होगी। कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने डीएम को इसके निर्देश जारी किए हैं। बदहाल सड़क के सुधारीकरण में अनियमितता बरतते हुए सरकारी धन के दुरुपयोग की शिकायत को कुमाऊं कमिश्नर से गंभीरता से लिया है।
स्थानीय निवासी शंकर सिंह खाती ने बदहाल सड़क को लेकर कुमाऊं कमिश्नर को पत्र भेजते हुए शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने कहा कि 17 किलोमीटर लंबी पाताल भुवनेश्वर-दौलाबलिया-रावलखेत सड़क लंबे समय से बदहाल है। वर्ष 2020 में सड़क सुधारीकरण के लिए आपदा मद से धनराशि मिली थी। एसपीसीसीएल मुनस्यारी ने काम में लीपापोती कर सड़क सुधारीकरण के नाम पर औपचारिकता निभा दी। धनराशि भी पूरी खर्च नहीं की गई। सड़क पर नाम मात्र का मेंटिनेंस कार्य किया गया। पैरापिट और नाली पूरी नहीं बनाई। कुमाऊं कमिश्नर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम को सड़क की जांच के निर्देश दिए हैं। कहा कि जांच के बाद मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी।
खतरे में सफर कर रही है दो हजार की आबादी
गंगोलीहाट। पाताल भुवनेश्वर-रावलखेत सड़क लंबे समय से बदहाल है। गड्ढों से पटी सड़क पर क्षेत्र की दो हजार की आबादी खतरे के बीच सफर करने के लिए मजबूर है। बदहाल सड़क पर बीते चार सालों में दो दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। इनमें लोग जान गंवा चुके हैं।
सड़क सुधारीकरण के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा है। धन मिलने के बाद काम होगा। अभिषेक यादव, ईई, एनपीसीसीएल, मुनस्यारी।