झूलाघाट (पिथौरागढ़)। पीएचसी में फार्मासिस्ट और क्षेत्र के स्कूलों में शिक्षकों की तैनाती की मांग पर लोगों ने विधायक बिशन सिंह चुफाल को ज्ञापन दिया। उन्होंने कहा कि अस्पताल में फार्मासिस्ट न होने से मरीजों को दिक्कत झेलनी पड़ रही है। सरकारी स्कूलों में बच्चे बगैर शिक्षकों के पढ़ने के लिए मजबूर हैं।
कहा कि पीएचसी में स्वच्छक नहीं होने से सफाई व्यवस्था चरमरा गई है। दवा का पर्याप्त स्टॉक न होने से मरीजों को निजी मेडिकल स्टोरों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। उन्होंने आमबाग से थाने तक बदहाल सड़क के सुधारीकरण, मौला श्मशान घाट मार्ग पर मलबे की सफाई की भी मांग की। विधायक ने लोगों को समस्याओं का समाधान करने का आश्वासन दिया। ज्ञापन देने वालों में भाजपा मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र चंद, सदानंद भट्ट, कैलाश भट्ट, विक्रम महर, प्रकाश पुजारा, हरि भट्ट आदि शामिल रहे।