पिथौरागढ़। सैकड़ों लोग बिना जांच कराए पिथौरागढ़ में प्रवेश कर चुके हैं। बाहरी राज्यों से आने वाले ये लोग टैक्सी चालकों को मनमाना किराया दे रहे हैं। जांच केंद्रों में गलत सूचना देकर ये लोग क्वारंटीन होने से भी बच रहे हैं।
पिथौरागढ़ में कोविड संक्रमण का खतरा पहले से ज्यादा बढ़ गया है। इसके बावजूद शासन-प्रशासन की लापरवाही के कारण लोग गलत सूचना देकर नगर और जिले के गांवों में प्रवेश कर चुके हैं। बावजूद इसके ऐसे लोगों पर कार्रवाई नहीं की जा रही है। कुछ टैक्सी चालक हल्द्वानी, टनकपुर सहित कई अन्य क्षेत्रों से बाहरी राज्यों सेे आ रहे लोगों को पिथौरागढ़ ला रहे हैं। जांच केंद्रों में पूछताछ के दौरान ये लोग गलत जानकारी देकर क्वारंटीन से बच रहे हैं। इसके बाद भी ऐसे लोगों पर कार्रवाई नहीं हो पा रही है। स्थानीय लोगों ने ऐसे व्यक्तियों पर आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करने के बाद कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
नगर पालिका वार्डों में आए ऐसे लोगों की जानकारी मांगी
पिथौरागढ़। नगर पालिका पिथौरागढ़ ने सभी वार्ड सदस्यों से नगर में गलत जानकारी देकर आए लोगों की जानकारी मांगी है। नगर पालिका अध्यक्ष राजेंद्र रावत का कहना है कि गलत जानकारी देकर नगर में प्रवेश करना अपराध है। कुछ लोग ऐसा कर अपने साथ-साथ दूसरों के जीवन को खतरे में डाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि सभी वार्डों में बाहर से आए लोगों की सूची मांगी है ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। संवाद
जिला पंचायत अध्यक्ष और नगर पालिकाध्यक्ष की कोविड रिपोर्ट आई निगेटिव
पिथौरागढ़। ब्लड बैंक में भाजपा प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार के संपर्क में आए जिला पंचायत अध्यक्ष दीपिका बोहरा, नगर पालिका अध्यक्ष राजेंद्र रावत और भाजपा कार्यकर्ता राजेंद्र शर्मा के साथ कार्यक्रम में शामिल कुछ मीडिया कर्मियों के सैंपलों की जांच की गई है। ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. नरेंद्र शर्मा ने बताया कि जांच के दौरान सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है। इन लोगों के निगेटिव आने के बाद राहत की सांस ली है। अभी भाजपा जिलाध्यक्ष विरेंद्र वल्दिया सहित कई अन्य पदाधिकारियों के सैंपल जांच के लिए बाहर भेजे गए हैं। लोगों को इनकी जांच रिपोर्ट आने का इंतजार है। संवाद
सामाजिक संगठनों, राजनीतिक दलों से कार्यक्रम न करने की अपील
पिथौरागढ़। नगर पालिका अध्यक्ष राजेंद्र रावत का कहना है कि जिले में कोविड संक्रमण फैलने का खतरा पहले से अधिक बढ़ गया है। उन्होंने सभी सामाजिक संगठनों, राजनीतिक दलों से ऐसे समय में कोई भी कार्यक्रम आयोजित न करने की अपील की है।
जानबूझकर जानकारी छिपाने वाले पांच लोगों पर केस
पिथौरागढ़। पुलिस ने उत्तर प्रदेश से आकर जानबूझकर जानकारी छिपाने वाले पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही होटल स्वामी का पांच हजार रुपये का चालान भी किया है।
पुलिस टीम ने प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रमेश तनवार के नेतृत्व में वृहद स्तर पर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने नगर के एक होटल से बलवंत सिंह गोवरा पोस्ट ऑफिस चिल्किया रामनगर, सचिन निवासी ग्राम रायपुर वेरी साल थाना मंडावली जिला बिजनौर, जितेंद्र कौशिक निवासी ग्रेटर नोएडा वेस्ट जिला गौतम बुद्ध नगर, दीपक पाल निवासी पीरनगर सूदना थाना देहात हापुड़ और अवनीश निवासी खेड़ी बैरागी जिला शामली को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाल तनवार ने कहा कि पांचों व्यक्तियों ने कोविड-19 महामारी के दौरान जानबूझकर जानकारी छुपाकर लोगों की जान को खतरे में डाला। बताया कि आरोपियों के विरूद्ध 34/188/ 269 /270 /307, 51 बी आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत केस पंजीकृत किया है। उन्होंने बताया कि बिना आईडी की जांच किए होटल में रहने देने पर होटल स्वामी का पांच हजार रुपये का चालान भी कर दिया है।
पस आते धारचूला के स्थानीय लोग।