मुवानी (पिथौरागढ़)। नगर से लेकर गांवों-कस्बों तक रसोई गैस के संकट से लोग परेशान हैं। घंटों लाइन में लगने के बाद भी उन्हें सिलिंडर नहीं मिल रहे हैं। ऐसा ही हुआ मुवानी कस्बे में। सिलिंडर के लिए उपभोक्ता सुबह से ही लाइन में लगे रहे। वाहन कम सिलिंडर लेकर पहुंचा तो उपभोक्ताओं ने हंगामा काटा। बमुश्किल उपभोक्ताओं को समझाकर पुलिस के पहरे में सिलिंडर बांटे गए।
मुवानी में शनिवार को गैस एजेंसी का वाहन 180 सिलिंडर लेकर पहुंचा। 230 उपभोक्ता लाइन में लगकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। सिलिंडर खत्म हो गए और 50 उपभोक्ताओं को रसोई गैस नहीं मिली तो उनका आक्रोश बढ़ गया। सिलिंडर न मिलने से नाराज उपभोक्ताओं ने हंगामा शुरू कर दिया और दूसरा वाहन मंगाने की मांग पर अड़ गए। मौके पर पुलिस बुलानी पड़ी।
पुलिस और एजेंसी कर्मियों ने बमुश्किल 10 अप्रैल को वाहन लाने की बात करते हुए उपभोक्ताओं को समझाया। उपभोक्ताओं की गैस बुक जमा की गई। तब जाकर वे शांत हुए। थल गैस एजेंसी के प्रभारी राजेंद्र सिंह राठौर ने बताया कि लाइन में लगे जिन लोगों सिलिंडर नहीं मिल पाया उनकी गैस बुक जमा की गई है। जल्द यहां वाहन भेजा जाएगा। प्राथमिकता से इन उपभोक्ताओं को सिलिंडर दिए जाएंगे।
गैस वितरण स्थलों पर कम नहीं हो रही लाइन
पिथौरागढ़। जिलेभर में रसोई गैस का संकट बना हुआ है। कई उपभोक्ताओं को काफी समय से सिलिंडर नहीं मिल पा रहा है और वह वितरण स्थलों के चक्कर लगा रहे हैं। हालांकि जिला मुख्यालय में कुछ जगहों पर व्यवस्था पटरी पर आने की बात कही जा रही है लेकिन उपभोक्ता फिर भी परेशान हैं। कुछ जगहों पर कई दिन से वितरण एक निश्चित तारीख से आगे नहीं बढ़ पाया है। लोग इस बात से भी परेशान हैं कि गैस की ऑनलाइन बुकिंग नहीं हो रही और हो भी रही है तो डीएसी नंबर नहीं आ रहा है। गैस वितरण के लिए तय स्थानों पर नगर और ग्रामीण इलाकों में लंबी लाइन लग रही है। प्रशासन के न घबराने के अपील के बीच अनेक उपभोक्ता लाइनों में लगकर भी गैस नहीं मिलने से निराश हैं।
-
कोट -
शनिवार को गैस के 12 वाहन जिले में पहुंचे। रविवार को भी 11-12 वाहनों से आपूर्ति होने की संभावना है। कुछ जगहों पर वितरण व्यवस्था पटरी पर आ गई है और अन्य जगहों पर जल्द व्यवस्था सामान्य होगी। उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशान होने की जरूरत नहीं है। - विनय कुमार, जिला आपूर्ति अधिकारी
मुनस्यारी में बुकिंग के बाद नहीं मिली रसोई गैस
मुनस्यारी। 31 मार्च के पहले के डीएसी नंबर पर गैस न दिए जाने से सुबह से ही लाइन में लगे कई उपभोक्ताओं को निराश होकर लौटना पड़ा। इसका उपभोक्ताओं ने विरोध भी जताया। पैकुती गांव की द्रोपदी देवी ने बताया कि 14 किमी दूर से पहुंचकर सुबह पांच बजे से लाइन में लगी। बुकिंग के बाद भी सिलिंडर नहीं दिया गया। तहसीलदार आशीष रौतेला ने कहा कि तकनीकी दिक्कत से ऐसा हुआ है। इसे जल्द ठीक कर उपभोक्ताओं को सिलिंडर उपलब्ध कराए जाएंगे।