डीएसओ को ज्ञापन सौंपते सस्ता गल्ला विक्रेता। संवाद
- फोटो : PITHORAGARH
पिथौरागढ़। पूर्व के राशन ढुलान के भाड़े का भुगतान नहीं होने से सस्ता गल्ला विक्रेताओं में नाराजगी है। सोरघाटी सरकारी सस्ता गल्ला संगठन ने बिलों का भुगतान नहीं होने पर प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना का राशन वितरित नहीं करने की चेतावनी दी है।
सोमवार को संगठन के अध्यक्ष मनोज पांडेय और महासचिव कैलाश चंद्र जोशी के नेतृत्व में डीएसओ कार्यालय में सस्ता गल्ला विक्रेताओं की बैठक हुई। बैठक के बाद सभी सस्ता गल्ला विक्रेताओं ने जिला पूर्ति अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पूर्व के बिलों का अभी तक भुगतान नहीं किया गया है। शासन प्रशासन की ओर से शत प्रतिशत ऑनलाइन वितरण के लिए भी दबाव बनाया जा रहा है, जबकि इंटरनेट का खर्चा भी नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने बिना इंटरनेट डाटा खर्च या ब्रॉडबैंड के बिना शत प्रतिशत ऑनलाइन वितरण करने पर असमर्थता व्यक्त की।
संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि वर्ष 2014-15 से भाड़ा नहीं दिया गया है, जबकि डीजल-पेट्रोल, लोडिंग-अनलोडिंग गाड़ी भाड़ा कई गुना बढ़ चुका है। उन्होंने वर्तमान की दरों से बकाए का भुगतान करने की मांग उठाई। वहां धारचूला से आए अध्यक्ष केशर सिंह धामी, डीडीहाट के भुवन भंडारी, थल के चंदन देउपा, महामंत्री कैलाश जोशी, ललित महर, हेमंत टोलिया, कैलाश पुनेड़ा, दौलत सिंह, भगवती प्रसाद पाटनी आदि थे।