पिथौरागढ़। ठंड बढ़ने के साथ ही जिला अस्पताल में रोगियों की भीड़ बढ़नी शुरू हो गई है। प्रतिदिन अस्पताल में इलाज के लिए 650-750 तक रोगी पहुंच रहे हैं। इनमें सबसे अधिक रोगी सर्दी, खांसी, जुकाम और बुखार के हैं।
त्योहार खत्म होने के बाद जैसे ही लोग नगर में पहुंचे तो अस्पताल में रोगियों की भीड़ बढ़नी शुरू हो गई है। सोमवार को जिला अस्पताल में सुबह से ही रोगियों की भारी भीड़ देखी गई। अस्पताल के ओपीडी कक्ष, दवा वितरण कक्ष, आपातकालीन कक्ष के अलावा चिकित्सकों के कक्ष के बाहर रोगियों की भारी भीड़ लगी रही। बाल रोग विशेषज्ञ कक्ष के बाहर छोटे-छोटे बच्चों को गोद में लेकर महिलाएं खड़ी रहीं। भीड़ अधिक होने से अस्पताल में रोगियों और तीमारदारों के बैठने के लिए लगाई गई कुर्सियां भी खाली नहीं रही।
ठंड के मौसम में ये सावधानियां बरतें
हवा प्रतिरोधी कोट या जैकेट पहनें
दस्ताने, टोपी, स्कार्फ आदि का इस्तेमाल करें
गर्म पानी पिएं
बिना चिकित्सक की सलाह के दवा न लें
गर्म पेय पदार्थों का इस्तेमाल करें
बुजुर्गों और बच्चों का विशेष ध्यान रखें
कोट
जिला अस्पताल में रोगियों की संख्या बढ़ी है। रोगियों का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। दवा के साथ रोगियों को चिकित्सक उचित परामर्श भी दे रहे हैं। - डॉ. जेएस नबियाल, सीएमएस जिला अस्पताल पिथौरागढ़।