पिथौरागढ़। डीएम विनोद गोस्वामी ने जिला अस्पताल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को परखा। उन्होंने भर्ती मरीजों और तीमारदारों से मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। कहा कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य मिलनी चाहिए।
शुक्रवार को डीएम ने जिला अस्पताल में इमरजेंसी वार्ड, प्राइवेट वार्ड, आपातकालीन कक्ष, ओपीडी में व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने औषधि भंडार में दवा की जानकारी ली। कहा कि मरीजों के भोजन, दवा सहित अन्य सुविधाओं में बजट की कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने ऑक्सीजन प्लांट की उपलब्धता, वाहन पार्किंग, मरीजों को मिलने वाले बिस्तर आदि के बारे में बताया। सीएमएस डॉ. जेएस नबियाल को पूछताछ केंद्र में व्यवस्था दुरुस्त रखने के साथ योग्य कर्मचारियों को तैनात करने, तीमारदारों की बैठने की उचित व्यवस्था करने और साफ-सफाई का विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला अस्पताल में दबाव के चलते सीएमओ और मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य से वार्ता करते हुए मरीजों को बेस अस्पताल में शिफ्ट करने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को मुख्य गेट पर इमरजेंसी और ओपीडी सहित अन्य जानकारी के लिए बोर्ड लगाने के लिए कहा। इस मौके पर सीएमओ डॉ. एचसी ह्यांकी सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी शामिल रहे।