पिथौरागढ़। जिला अस्पताल में पिछले दो दिनों से हड्डी रोग का इलाज बंद होने से मरीज बेहाल हैं। दो में से एक भी विशेषज्ञ के अस्पताल में न होने से मरीजों को इलाज नहीं मिल सका। ऐसे में मरीजों को निजी अस्पतालों में अधिक फीस देकर इलाज कराने के लिए मजबूर होना पड़ा।
जिला अस्पताल में दो हड्डी रोग विशेषज्ञ तैनात है। एक चिकित्सक अवकाश पर है और दूसरे चिकित्सक की 15 दिनों के लिए चारधाम यात्रा में ड्यूटी लगाई गई है। ऐसे में जिला अस्पताल में पहुंचने वाले मरीजों को रामभरोसे छोड़ दिया गया है। बुधवार को भी हड्डी रोग से जूझते हुए 100 से अधिक मरीज इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचे। दोनों विशेषज्ञों के कक्षों के दरवाजे बंद रहे। ऐसे में मरीजों को निराश होकर लौटना पड़ा। कई मरीज दर्द से कराहते हुए बैरंग घर लौटे।
कई मरीजों को निजी अस्पतालों में अधिक फीस देकर इलाज कराना पड़ा। दो दिनों से हड्डी रोग का इलाज बंद होने से मरीज बेहाल हैं। वहीं ऑपरेशन भी ठप होने से मरीज दर्द से कराहते हुए डॉक्टर के लौटने का इंतजार कर रहे हैं। प्रभारी पीएमएस डॉ. एमसी रजवार ने बताया कि एक हड्डी रोग विशेषज्ञ शुक्रवार को अवकाश से लौटेंगे। इसके बाद मरीजों का इलाज शुरू होगा।