पिथौरागढ़। प्रदेश में इंटर पास छात्राओं को अपने शिक्षण संस्थानों तक पहुंचाने के लिए रोडवेज बसों में निशुल्क सफर कराने की योजना दम तोड़ रही है। साइट बंद होने से बस में सफर करने के लिए जरूरी पास नहीं बन रहे हैं। वहीं ऑफलाइन पास बनाने से परिवहन निगम हाथ पीछे खींच रहा है। ऐसे में छात्राएं रोडवेज बसों और टैक्सियों में किराया चुकाकर अपने शिक्षण संस्थानों तक पहुंचने के लिए मजबूर हैं।
दरअसल प्रदेश में इंटर पास करने के बाद छात्राओं को उच्च शिक्षा लेने के लिए शिक्षण संस्थानों तक पहुंचाने को रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा की योजना संचालित है। परिवहन निगम निशुल्क यात्रा के लिए छात्राओं को पास जारी करता है। छात्राओं के किराये की धनराशि का सरकार निगम को भुगतान करती है। लंबे समय से निगम की वेबसाइट बंद होने से पास जारी नहीं हो रहे हैं इससे प्रदेश भर की छात्राएं परेशान हैं।
सीमांत जिले पिथौरागढ़ में दो हजार से अधिक छात्राएं पास जारी होने के लिए साइट खुलने का इंतजार कर रही हैं। उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा का परीक्षाफल घोषित हुए 20 दिन बीत गए हैं। उच्च शिक्षण संस्थानों में भी नया शिक्षा सत्र शुरू हो चुका है और छात्राओं इनमें प्रवेश के लिए दूर-दराज से पहुंच रही हैं। साइट बंद होने से इन्हें पास जारी नहीं हो रहे और ये रोडवेज बसों, टैक्सियों में अधिक किराया देकर सफर करने के लिए मजबूर हैं। वेबसाइट कब खुलेगी और कब पास जारी होंगे इसका स्पष्ट जवाब किसी के पास नहीं है।
कोट
फिलहाल निदेशालय स्तर से ही वेबसाइट बंद है। ऐसे में छात्राओं को पास जारी नहीं हो रहे हैं। ऑफलाइन पास जारी करने की व्यवस्था नहीं है। उम्मीद है जल्द साइट खुलेगी। - रवि शेखर कापड़ी, एआरएम, पिथौरागढ़ डिपो