पिथौरागढ़। इंस्टाग्राम पर दोस्ती बढ़ाई। झांसे में लेकर घुमाने ले गया और फिर नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया। मामले का पता चलने पर परिजनों ने पुलिस में तहरीर दी तो आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
बीते बुधवार को क्षेत्र के एक व्यक्ति ने थाने पहुंचकर तहरीर दी। उसने बताया कि प्रेमनगर निवासी योगेश कुमार उर्फ सोनू (19) ने उसकी नाबालिग पुत्री के साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 137, 65 और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसकी खोजबीन शुरू की। थानाध्यक्ष शंकर सिंह रावत ने बताया कि आरोपी को दूसरे ही दिन बरड़ बैंड से गिरफ्तार कर लिया गया था।
उन्होंने बताया कि आरोपी ने पहले इंस्टाग्राम पर नाबालिग के साथ दोस्ती की। उसे झांसे में लेकर घुमाने के लिए घर से बुलाया। क्षेत्र के सुनसान इलाके में पुराने खंडहर हो चुके घर में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। नाबालिग का मेडिकल कराया गया जिसमें दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। एसपी रेखा यादव ने कहा कि आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। संवाद