बंगापानी/पिथौरागढ़। जिला मुख्यालय से 100 किमी दूर बंगापानी तहसील क्षेत्र में पिछले 10 महीने से डिपो की बस नहीं पहुंची है। इस कारण यहां के लोगों को टैक्सी वाहन में अधिक किराया देकर आवाजाही करनी पड़ रही है। लोगों ने सीधी बस सेवा शुरू करने की मांग की है।
बंगापानी तहसील में बस का संचालन नहीं होने से लोगों को आवाजाही में दिक्कत होती है। गरीब और सीमित आय वाले लोगों के लिए बीते 10 महीनों से पिथौरागढ़ तक का सफर काफी महंगा और मुश्किल साबित हुआ है। लोगों को टैक्सी से आवाजाही करने में 800 से 1000 रुपये खर्च करना पड़ता है।
पूर्व प्रधान भगत मेहरा का कहना है कि दूरस्थ में निवास करने वाले नागरिकों के लिए पहले पिथौरागढ़ डिपो की बस आने पर काफी राहत मिलती थी, लेकिन अब पिथौरागढ़ के लिए टैक्सी के सहारे आवाजाही कर रहे हैं। गरीब परिवारों के लिए टैक्सी का किराया देना काफी मुश्किल है। कहा डिपो को फिर से बस का संचालन करना चाहिए। इससे सीमांत के लोगों को अतिरिक्त किराए के आर्थिक भार से राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि यहां के लोगों को दिल्ली, टनकपुर, हल्द्वानी जाने के लिए कई बार तीन से अधिक वाहन बदलने होते हैं। सीधी बस सेवा संचालित होती तो बड़ी राहत मिलती। कहा जल्द बस सेवा शुरू नहीं हुई तो आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।