मूनाकोट (पिथौरागढ़)। ब्लॉक के तड़ीगांव, पीपलतड़ा, टाकुला के ग्रामीणों की प्यास बुझाने के लिए जल जीवन मिशन के तहत बनी योजना क्षतिग्रस्त हो गई थी। ग्रामीणों ने कई बार विभाग से योजना को ठीक कराने की मांग की लेकिन कोई पहल नहीं हुई। इस पर ग्रामीणों ने श्रमदान कर क्षतिग्रस्त योजना को ठीक करने के लिए श्रमदान किया। तीन माह बाद 39 परिवारों को पानी मिलने से गांव में खुशी है।
टाकुला हाईस्कूल तक सड़क कटिंग के चलते तीन माह पूर्व पहले 200 मीटर और बाद में 150 मीटर पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इससे गांव की पेयजल आपूर्ति बाधित हो गई। ग्रामीणों को पेयजल के लिए काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
संबंधित विभाग की ओर से कोई क्षतिग्रस्त पाइप लाइन को ठीक किए जाने की कोई पहल नहीं किए जाने पर गांव के सामाजिक कार्यकर्ता भूपेंद्र चंद ने अपनी धनराशि से जरूरी सामग्री खरीदी। रविवार को वजीरचंद, कुंडल चंद, शमशेर चंद, सुरेश चंद, करन राम, मोहन राम, उमेश चंद, दीपक चंद आदि लोगों ने श्रमदान से पेयजल योजना को ठीक कर गांव तक पानी पहुंचाया।
घरों में लगे नलों में पानी आने से ग्रामीण खुश हैं। उनका कहना है कि भविष्य में आपदा काल में क्षेत्र में कोई नुकसान होता है तो वह विभागों का मुंह नहीं ताकेंगे। आपसी एकजुटता और सहभागिता से बिगड़े कार्यों को ठीक करेंगे।